29.1 C
New Delhi
Friday, October 18, 2024

Haryana: कांग्रेस का हाथ छोड़, बेटी श्रुति के साथ BJP की हुई किरण चौधरी

नई दिल्ली /अदिति सिंह । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केन्द्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ की मौजूदगी में तोशाम की विधायक किरण चौधरी और उनकी बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी भाजपाई हो गई। नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) कार्यालय में उन्होंने पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण कर ली है। इसके साथ ही हरियाणा प्रदेश के तीन प्रसिद्ध ‘लालों’ के कई रिश्तेदार अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।
किरण चौधरी हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधू हैं और भिवानी जिले के तोशाम से मौजूदा विधायक थी । पूर्व सांसद श्रुति चौधरी कांग्रेस की हरियाणा इकाई की कार्यकारी अध्यक्ष थीं। मंगलवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद दोनों नेता बुधवार को राजधानी दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गईं।

—प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित : किरण
—श्रुति बोली—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश का नाम चमकाया
—हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी, मनोहर लाल, तरुण चुघ ने कराई ज्वाइनिंग

इस मौके पर हरियाणा के लोकसभा चुनाव सहप्रभारी रहे पूर्व सांसद सुरेंद्र नागर तथा पूर्व सांसद अनुराधा चौधरी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने दोनों नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई और पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत किया।
पांच बार विधायक रही किरण चौधरी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासकारी नीतियों विशेषकर विकसित भारत के संकल्प से प्रभावित हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इसी सोच के साथ देश की जनता ने तीसरी बार उन्हें सत्ता सौंपी। प्रधानमंत्री के साथ उन्होंने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यों की भी खुलकर प्रशंसा की और कहा कि पर्ची-खर्ची का सिस्टम खत्म कर उन्होंने नई दिशा दी है। इसलिए आज का युवा उज्ज्वल भविष्य देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चौधरी बंसीलाल के साथ काम किया है। चौधरी बंसीलाल की तरह ही मनोहर लाल ने भी ईमानदारी से अच्छा कार्य किया है।
किरण चौधरी ने कहा कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। करीब 20 साल पहले उन्होंने हरियाणा विकास पार्टी का कांग्रेस में विलय करवाया था, अब वह साथ छोड़ दिया है। अब भाजपा की नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे और तीसरी बार भाजपा हरियाणा में जीत का परचम लहराएगी।
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश हित में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। पूरे विश्व में भारत का नाम चमकाया है। वह भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रही है। उनके लिए गौरव की बात है कि चौधरी बंसीलाल के साथ श्री मनोहर लाल काम कर चुके हैं। चौधरी बंसीलाल व चौधरी सुरेन्द्र सिंह ने हरियाणा को विकसित बनाने के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि हम भाजपा में इसलिए जुड़ रहे हैं कि देश-प्रदेश को मजबूती के साथ आगे बढ़ा सकें।

किरण व श्रुति के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी : नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल परिवार का पूरा समय हरियाणा की राजनीति को समर्पित रहा है। किरण चौधरी व श्रुति चौधरी के आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। भाजपा परिवार में उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा। हरियाणा की मजबूती और विकास के लिए मिलकर कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी बंसीलाल व उनके परिवार का हरियाणा की राजनीति में विशेष प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि किरण चौधरी व श्रुति चौधरी के साथ मिलकर भाजपा एक परिवार की तरह हरियाणा को मजबूत करने का काम करेगी।

किरण का मन पहले से ही भाजपा की नीतियों में रहा : मनोहर लाल

केन्द्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है, जब हरियाणा की दो प्रमुख हस्तियां भाजपा में शामिल हो रही हैं, इससे हरियाणा में पार्टी को मजबूती मिलेगी। किरण चौधरी के साथ उन्होंने विधानसभा में काम किया है। साढ़े नौ वर्षो तक उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए किरण चौधरी के कार्य करने के तरीके को देखा है। किरण चौधरी शरीर से भले ही कांग्रेस में रही हों, पर वे प्रदेश सरकार के कार्यों से हमेशा प्रभावित रही, इसलिए कह सकते हैं कि उनका मन पहले से ही भाजपा की नीतियों में रहा। केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा में नए और पुराने का कोई विषय नहीं होता है। पार्टी में सभी को पूरा मान-सम्मान मिलता है। प्रदेश को किरण और श्रुति के भाजपा में आने से लाभ मिलेगा। मनोहर लाल ने कहा कि चौधरी बंसीलाल के साथ उन्होंने बहुत काम किया है। वर्ष 1996 से 1998 के शासनकाल में जब उनकी भाजपा के साथ सांझी सरकार थी तब उनके साथ काम करने का मौका मिला था।

latest news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

epaper

Latest Articles