22.1 C
New Delhi
Wednesday, October 16, 2024

Elections: महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान, 23 नवम्बर को रिजल्ट

नई दिल्ली/ सुनील पाण्डेय :महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। महाराष्ट्र में सिंगल फेज में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं झारखंड में 2 फेज में 13 और 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। दोनों ही राज्यों के चुनाव नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। केंद्रीय चुनाव आयोग ने मंगलवार को दोनों राज्यों में तारीखों का ऐलान किया। इसके अलावा 14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान भी किया। लोकसभा सीटों में केरल की वायनाड में 13 नवंबर और महाराष्ट्र के नांदेड़ में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान होगा। सभी के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।

—महाराष्ट्र में 20 नवंबर, झारखंड में 13 और 20 नवंबर को होगी वोटिंग
—23 नवम्बर को दोनों राज्यों में निकलेगा रिजल्ट
—14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव
—दोनों राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार (Chief Election Commissioner Rajiv Kumar) के मुताबिक महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को और झारखंड का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। इसी के साथ दोनों राज्यों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। राजीव कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी तथा नामांकन की आखिरी तिथि 29 अक्टूबर होगी। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र चार नवंबर, 2024 तक वापस लिए जा सकते हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ योग्य मतदाता हैं जबकि झारखंड में यह संख्या 2.6 करोड़ है। महाराष्ट्र में कुल 1,00186 मतदान केंद्रों पर 20 नवंबर को मतदान होगा 23 नवंबर को मतगणना होगी।

झारखंड में दो चरणों 13 और 20 नवंबर को मतदान

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि पूर्वी भारत के जनजातीय बहुल राज्य झारखंड में दो चरणों में क्रमश: 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। झारखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 2.6 करोड़ है। इनमें 1.29 करोड़ महिलाएं और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। झारखंड में पहली बार मतदान के पात्र युवाओं की कुल संख्या 11.84 लाख है। कुमार ने कहा कि राज्य में कुल 29,562 मतदान केंद्रों की स्थापना की जाएगी, इनमें से 5042 मतदान केंद्र शहरी इलाकों में जबकि 24,520 केंद्र ग्रामीण इलाकों में होंगे। राज्य में विधानसभा की 81 सीट हैं। इनमें 44 सामान्य हैं तथा 28 अनुसूचित जनजाति और नौ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों पर भी चुनाव

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक 15 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों तथा वायनाड और नांदेड़ लोकसभा सीटों के लिए उपचुनाव की भी घोषणा की। केरल की वायनाड लोकसभा सीट और विभिन्न राज्यों की 47 विधानसभा सीट के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होगा, जबकि महाराष्ट्र के नांदेड़ संसदीय क्षेत्र और तथा उत्तराखंड के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 नवंबर को उपचुनाव कराया जाएगा। आयोग ने मंगलवार को जिन 48 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उपचुनाव की घोषणा की है, उनमें उत्तर प्रदेश की नौ, राजस्थान की सात, पश्चिम बंगाल की छह, असम की पांच, बिहार की चार, पंजाब की चार, कर्नाटक की तीन, केरल की दो, मध्य प्रदेश की दो, सिक्किम की दो तथा छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड और मेघालय की एक-एक सीट शामिल हैं। जिन लोकसभा और विधानसभा सीट के लिये उपचुनाव हो रहे हैं, उनके लिये मतगणना 23 नवंबर को होगी।

महाराष्ट्र में विधानसभा के लिए चुनावी कार्यक्रम

कार्यक्रम तिथि
चुनाव की अधिसूचना 22 अक्तूबर
नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्तूबर
नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्तूबर
नाम वापसी का अंतिम दिन 4 नवंबर
मतदान की तारीख 20 नवंबर
मतगणना की तारीख 23 नवंबर
—————————————
महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता

महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 9.63 करोड़ है, जिसमें 4.97 करोड़ पुरुष मतदाताओं की संख्या है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 4.66 करोड़ है। अगर युवा मतदाताओं की बात करें तो इनकी संख्या 1.85 करोड़ है। जबकि पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं की संख्या 20.93 लाख है। महाराष्ट्र में कुल 52 हजार 789 जगहों पर एक लाख 186 पोलिंग स्टेशन होंगे। इसमें शहरी इलाकों में 42 हजार 604 और ग्रामीण इलाकों में 57 हजार 582 हैं। वहीं एक पोलिंग स्टेशन पर तकरीबन 960 मतदाताओं के वोट डालने का एवरेज हैं।
……………….
वायनाड, और नांदेड़ में लोकसभा चुनाव

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में वायनाड और रायबरेली सीट से जीत दर्ज की थी। गांधी ने वायनाड सीट खाली कर दी थी और रायबरेली सीट को बरकरार रखा था। इस सीट से राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा पार्टी की उम्मीदवार होंगी। नांदेड़ संसदीय सीट के लिये उपचुनाव कांग्रेस सांसद वसंत चव्हाण के निधन के कारण कराया जा रहा है। इस सीट पर उपचुनाव महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान वाले दिन होगा। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट तथा उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा फिलहाल नहीं की है। कुमार ने इन दोनों सीटों के बारे में पूछे जाने पर कि अदालत में मामला होने के चलते इन जगहों पर उपचुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद हाजी शेख नुरुल इस्लाम के हाल में निधन के कारण बशीर हाट में उपचुनाव होना है।

‘एग्जिट पोल को हम नियंत्रित नहीं करते’

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि एग्जिट पोल्स के विषय को हम छूना नहीं चाहते थे, लेकिन चूंकि आप लोग पूछ रहे हैं तो बता देते हैं। एग्जिट पोल्स के जरिए एक अपेक्षाएं तय हो जाती हैं। इससे बहुत बड़ा भटकाव आ जाता है। यह आत्मचिंतन और आत्ममंथन का विषय है। एग्जिट पोल्स पर हमारा नियंत्रण नहीं है, लेकिन यह चिंतन की जरूरत है कि इसके नमूने का आकार क्या था, सर्वेक्षण कहां हुआ, उसके निष्कर्ष कैसे आए। अगर निष्कर्ष चुनाव नतीजों से मेल नहीं खाते तो किसकी जिम्मेदारी है।

‘नियमन करने वाली संस्थाएं इस ओर देखेंगी’

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि, अब समय आ गया है कि इसका नियमन करने वाली संस्थाएं इस ओर देखेंगी। इससे जुड़ा दूसरा विषय भी महत्वपूर्ण है। मतदान खत्म होने के औसतन तीसरे दिन मतगणना होती है। मतदान के दिन शाम से उम्मीदें लगना शुरू होती हैं। मतगणना के दिन 8:05, 8:10 बजे से रुझान दिखने लग जाते हैं, यह बेतुका है। मेरी पहली मतगणना 8:30 बजे से शुरू होती है। 8:05, 8:10 पर हमने देखा कि इस पार्टी को इतने की लीड। कहीं ऐसा तो नहीं कि एग्जिट पोल को सही साबित करने के लिए इस तरह के ट्रेंड दिखाई देने लग जाते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने आगे कहा कि, हम 9:30 मिनट पर हम पहले राउंड की काउंटिंग की जानकारी अपडेट करते हैं। वास्तविक रूप से जब नतीजे आना शुरू होते हैं तो ये रुझानों से बेमेल हो जाते हैं और चूंकि ये अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहते तो इसके गंभीर परिणाम होते हैं।

latest news

Previous article

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related Articles

epaper

Latest Articles